अजमेर न्यूज़ डेस्क – अजमेर में बच्चों के कंचे खेलने के विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों की ओर से पथराव और लाठियां चलीं। गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच एक पक्ष के लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। भीड़ और नारेबाजी को रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और लोगों को खदेड़ दिया। वहीं, इस घटना में दोनों पक्षों के करीब 8 लोग घायल हुए हैं। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए 9 थानों का बल तैनात किया गया है। घटना सोमवार देर शाम लौंगिया इलाके में हुई।
पुलिस पर पथराव भी किया गया
लौंगिया मोहल्ला निवासी भारती ने बताया कि बच्चों के झगड़े को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर 30 से 40 लोगों ने परिवार पर हमला कर दिया। परिवार के कई लोग घायल हुए हैं। हमलावरों के हाथों में तलवारें, धारदार हथियार, लकड़ी, हॉकी और पत्थर थे।
एक पक्ष की महिलाओं ने भी हमला किया है। हमारे करीब 7 से 8 लोग घायल हुए हैं। हमने मदद के लिए पुलिस को बुलाया। उन्होंने पुलिस पर भी पथराव कर हमला किया। हमलावर एक समुदाय विशेष के हैं। गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि मौके पर शांति है और तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।