Makar Sankranti 2025, जयपुर वेबडेस्क: हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का विशेष महत्व है। मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव की आराधना करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इस बार मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी, मंगलवार के दिन मनाया जाएगा। उत्तर भारत में जहां इसे मकर संक्रांति कहा जाता है। वहीं, असम में इस दिन बिहू और दक्षिण भारत में इस दिन पोंगल मनाया जाता है। इस दिन सूर्य दक्षिणायन होते हैं। साथ ही ग्रहों के राजा सूर्य देव इस दिन ही मकर राशि में प्रवेश करते हैं, मतलब वह अपने पुत्र शनि के घर में प्रवेश करते हैं। वहीं इस दिन दान, स्नान का भी विधान है। इस दिन गंगा में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
साथ ही इस दिन जहां अनाज का दान करने से पुण्य मिलता है। तो वहीं खिचड़ी और गुड़-तिल का दान करना भी लाभकारी होता है। इसके अलावा इस दिन राशि के अनुसार खास चीजों का दान करने से विशेष लाभ होता है। जानते हैं मकर संक्रांति पर राशि के अनुसार किन चीजों का दान करना चाहिए…
राशि अनुसार करें इन वस्तुओं का दान:
मेष राशि: इस राशि पर मंगल देव का आधिपत्य है। इसलिए इस राशि के जातकों को स्नान के बाद तिल, मिठाई, खिचड़ी, रेशमी कपड़ा, दाल, मीठे चावल और ऊनी वस्त्र आदि का दान करना चाहिए। ऐसा करने से मंगल देव का आशीर्वाद बना रहेगा।
वृष राशि: इस राशि के स्वामी शुक्र देव हैं। इसलिए इस राशि के जातकों को मकर संक्रांति के दिन उड़द दाल की खिचड़ी, काली उड़द, सरसों का तेल, काला कपड़ा, काला तिल आदि का दान करना चाहिए। ऐसा करने से शुक्र देव की कृपा प्राप्त होगी।
मिथुन राशि: इस राशि पर बुध देव का आधिपत्य है। इसलिए इस राशि वालों को मकर संक्रांति पर गरीबों को खिचड़ी, काला तिल, छाता, उड़द, बेसन के लड्डू, सरसों का तेल दान करना चाहिए। साथ ही आप हरी चीजों का दान कर सकते हैं।
कर्क राशि: कर्क राशि वालों को इस दिन गरीब और जरूरतमंद लोगों को खिचड़ी, चने की दाल, पीला कपड़ा, साबुत हल्दी, पीतल के बर्तन, फल आदि का दान करना चाहिए। कर्क राशि के स्वामी चंद्र ग्रह हैं, इसलिए इस राशि के लोग सफेद चीजों का भी दान भी कर सकते हैं।
सिंह राशि: इस राशि के स्वामी सूर्य देव हैं। इसलिए इस राशि के जातकों को मकर संक्रांति के अवसर पर स्नान के बाद मसूर की दाल, खिचड़ी, लाल कपड़ा, रेवड़ी, गजक आदि दान करना चाहिए। ऐसा करने से सूर्य देव का आशीर्वाद बना रहेगा।
कन्या राशि: इस राशि के लोगों को मकर संक्रांति पर सुबह स्नान करने के बाद गरीबों को साबुत मूंग, हरे कपड़े, खिचड़ी, मूंगफली आदि दान करना चाहिए। आपकी राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं। इसलिए इस राशि के जातक हरे रंग की वस्तुओं का भी दान कर सकते हैं। ऐसा करने से आपको करियर और कारोबार में तरक्की मिल सकती है।
तुला राशि: मकर संक्रांति के दिन तुला राशि के जातक खिचड़ी, फल, मिश्री, गरम कपड़े आदि का दान गरीबों में करना चाहिए। तुला राशि पर शुक्र ग्रह का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के जातक शुक्र ग्रह से संबंधित वस्तुओं का दान कर सकते हैं। ऐसा करने से आपको सुख- समृद्धि की प्राप्ति होगी।
वृश्चिक राशि: इस राशि वालों को मकर संक्रांति पर स्नान के बाद गरीबों में खिचड़ी, कंबल, तिल-गुड़ आदि का दान करना चाहिए। इस राशि के स्वामी मंगल देव हैं, इसलिए इस राशि के लोग लाल रंग की वस्तुओं का भी दान कर सकते हैं। ऐसा करने से मंगल देव और हनुमान जी की कृपा प्राप्त होगी।
धनु राशि: धनु राशि के जातकों को मकर संक्रांति वाले दिन मूंगफली, तिल, लाल चंदन, लाल कपड़ा किसी गरीब ब्राह्मण या जरूरतमंद को दान करना चाहिए। धनु राशि पर गुरु ग्रह का आधिपत्य है। इसलिए इस राशि के लोग कोई शास्त्र पुस्तक भी दान कर सकते हैं। ऐसा करने से गुरु ग्रह का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
मकर राशि: आपकी राशि में ही सूर्य का गोचर होता है। इस दिन मकर राशि वालों को खिचड़ी, कंबल, कपड़े आदि का दान देना चाहिए। साथ ही मकर राशि पर शनि देव का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के लोग तेल, काला छाता का भी दान कर सकते हैं। ऐसा करने से शनि देव का आशीर्वाद प्राप्त होगा।
कुंभ राशि: इस राशि के जातक मकर संक्रांति पर शुद्ध गाय के घी का दान करें। साथ ही इसके अलावा खिचड़ी का दान करना भी शुभ फलदायी साबित होगा। कुंभ राशि पर शनि देव का आधिपत्य हैं। इसलिए इस राशि के लोगों को काली वस्तुओं का दान करना चाहिए।
मीन राशि: इस राशि के जातक मकर संक्रांति के दिन चने की दाल और तिल का दान करें तो शुभ रहेगा। मीन राशि पर गुरु बृहस्पति का आधिपत्य है, इसलिए इस राशि के लोग पीली वस्तुएं और कोई शास्त्र पुस्तक दान करें, तो अक्षय फल प्राप्त होगा। साथ ही गुरु ग्रह का आशीर्वाद प्राप्त होगा।