---Advertisement---

Rajasthan News: Ajmer कल्याणीपुरा में बेखौफ अवैध खनन, कटाव से पहाड़ी का अस्तित्व खतरे में

---Advertisement---

अजमेर न्यूज़ डेस्क, अजमेर शहर के पैराफेरी गांवों में अवैध खनन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्र को काटकर पत्थर बेचने एवं समतलीकरण कर अवैध रूप से लोगों को बसाने का काम चल रहा है। कल्याणीपुरा गांव में भी पहाड़ पर बेखौफ अवैध खनन हो रहा है। जेसीबी व अन्य मशीनें लगाकर पहाड़ के हिस्से को काटा जा रहा है। जानकारी अनुसार कल्याणीपुरा में पिछले कुछ दिनों में पहाड़ पर अवैध रूप से खनन हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने पहाड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से खनन की शिकायतें कर प्रशासन को आगाह किया। बताया कि कथित भू-माफिया शमशान के पीछे पहाड़ी हिस्से में लगातार खनन कर रहे हैं। जमीन से हिस्से में पहाड़ की तलहटी से खनन शुरू कर पहाड़ के ऊपरी हिस्से से भी खनन किया जा रहा है। इसमें पत्थरों का परिवहन तो किया ही जा रहा है वहीं मलबे के भी बड़े ढेर लगा रखे हैं।

राजस्व एवं वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई हो तो खुले राज

पहाड़ी के जिस हिस्से को काटा जा रहा है वह राजस्व भूमि है या वन विभाग का हिस्सा, इसे लेकर भी संशय है। दोनों विभागों की संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनन पर रोक लगाई जा सकती है।

पहाड़ी तक बन रहे हैं मकान

कल्याणीपुरा में पहाड़ी की तलहटी में लगातार मकानों का भी निर्माण हो रहा है। पहाड़ी पर खनन के नजदीक ही निर्माण कार्य चल रहे हैं। क्षेत्रवासियों के अनुसार पहाड़ काटकर इनकी जगह भी जमीन बेचने का खेल चल रहा है। आसपास के लोग भी चुप्पी साधे हुए हैं।

जिला प्रशासन को लगाई फरियाद

सरकारी भूमि पर नाजायज कब्जा, पहाड़ काटने, नाला पाटने व रास्ता बंद करने को लेकर जिला कलक्टर को भी क्षेत्रवासियों ने शिकायत की है। संबंधित खसरों की सरकारी जमीन पर बरसाती नालों को भी पाटा जा रहा है। सरकारी जमीन पर पहाड़ को जेसीबी से खोदा जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने कथित भू माफिया पर जाली दस्तावेज से सरकारी जमीन का बेचान करने का आरोप लगाया है।

---Advertisement---

लेखक के बारें में....

Rajasthan E Khabar Webdesk

Leave a Comment

loader