अलवर न्यूज़ डेस्क, अलवर भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया अभी चल रही है। जिलाध्यक्ष का चयन हो गया है। अब जिला कार्यकारिणी की घोषणा होगी। बताते हैं कि नई कार्यकारिणी में कई नए चेहरे होंगे और कुछ पदाधिकारियों को आराम मिलेगा। नई कार्यकारिणी की घोषणा मार्च तक संभव है।भाजपा ने बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता बनाए गए हैं। अब जिला कार्यकारिणी की ओर सबकी नजरें हैं। इस कार्यकारिणी में 18 पद हैं। इनमें उपाध्यक्ष 5, महामंत्री 3, मंत्री 5, प्रवक्ता 4, मीडिया व सोशल मीडिया एक पद शामिल हैं।
पार्टी के एक सीनियर नेता का कहना है कि उपाध्यक्ष व महामंत्री के पदों पर बड़ा फेरबदल हो सकता है।कुछ लोग अपनी कुर्सी बचाने में जुटे हैं तो कुछ नए चेहरे मैदान में आने के लिए नेताओं से सिफारिशें लगवा रहे हैं। जिला कार्यकारिणी की घोषणा जिलाध्यक्ष के जरिए ही होती है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष की भी अनुमति लेनी होती है। होली से पहले इनके नाम सामने आ जाएंगे।
मंडल अध्यक्षों में कुछ के नाम कट सकते: भाजपा दक्षिण के 30 मंडल अध्यक्षों में से अधिकांश की घोषणा हो गई। कुछ नाम आने बाकी हैं और कुछ के नाम कट भी सकते हैं। इसके लिए प्रांतीय अपील कमेटी के पास आपत्तियां पहुंची हैं। इनका निस्तारण अगले सप्ताह तक हो सकता है।