जयपुर। अमित गोयल जयपुर शहर भाजपा के अध्यक्ष होंगे। सर्वसम्मति के आधार पर जयपुर शहर चुनाव प्रभारी नारायण सिंह ने इसकी घोषणा की है। भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव के तहत जयपुर शहर के जिला अध्यक्ष के लिए भारतीय जनता पार्टी के तिलक नगर स्थित शहर कार्यालय में एक दिन पहले नामांकन हुए थे। नामांकन जयपुर शहर चुनाव संयोजक नारायण सिंह देवल की मौजूदगी में लिए गए थे।
हालांकि नामांकन करने के लिए सभी दावेदार स्वतंत्र थे, लेकिन बताया जा रहा था कि सभी में आपसी सहमति बनाकर किसी एक चेहरे को निर्विरोध निर्वाचित किया जाएगा। अब तक भारतीय जनता पार्टी ने 27 जिलों के जिला अध्यक्ष निर्वाचित कर दिए हैं। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश को 44 जिला इकाइयों में बांट रखा है। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। हालांकि बताया जा रहा है कि भाजपा के वर्तमान मनोनीत प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को ही पार्टी निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रही है।