जयपुर। केबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के अपनी ही सरकार पर फोन टेपिंग के आरोप लगाने पर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप को गम्भीर बताते हुए मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार के समय मैंने सदन के पटल पर कहा था कि किसी भी मंत्री, सांसद और विधायक का फोन सर्विलांस पर नहीं लिया गया और ना ही लिया जाएगा, लेकिन भाजपा सरकार पर अपने ही कैबिनेट मंत्री द्वारा फोन टैपिंग के आरोप लगाना भाजपा की सच्चाई उजागर करता है।
यह मामला बहुत गंभीर प्रकृति का है, क्योंकि आरोप राजनीतिक लाभ के लिए किसी विपक्षी नेता ने नहीं, बल्कि सरकार के कैबिनेट मंत्री ने लगाए हैं। इनकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सदन में जवाब देना चाहिए।