चूरू न्यूज़ डेस्क, चूरू जिले में गुरुवार को भी घना कोहरा रहा। अगले दो दिन तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना भी नहीं है। सुबह 11 बजे तक कोहरे छाया रहा, जिससे दिल्ली-बीकानेर, दिल्ली-जोधपुर सहित कई ट्रेन लेट हुई। इधर, सड़कों पर वाहन भी धीमी गति से चले। कोहरे के साथ सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई। चूरू मौसम विभाग ने सुबह आर्द्रता 100 फीसदी और कोहरे की दृश्यता 50 मीटर तक आंकी। गुरुवार को अधिकतम 17.8 एवं न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री रहा, जबकि बुधवार को अधिकतम 20.5 एवं न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री था। 24 घंटे में रात के तापमान 4.3 डिग्री बढ़ोतरी एवं दिन के तापमान में 2.7 डिग्री गिरावट दर्ज की गई।
22 तक नया विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना : जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अगले 4-5 दिन तक मौसम शुष्क रहेगा तथा 2-3 दिन तक कोहरा रहेगा। जिले में अगले दो दिन तक अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट होगी। निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि चूरू सहित कई जिलों में दो दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है। 22 जनवरी तक एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।