जयपुर। सुबह छाए घने कोहरे के चलते आधा दर्जन से अधिक फ्लाइटों का संचालन प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जयपुर अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुबह के समय घने कोहरे से दृश्यता 100 मीटर से भी कम थी। इसके चलते फ्लाइटों का संचालन प्रभावित रहा। एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की 6ई 7114 अहमदाबाद से जयपुर पहुंचने के बाद भी आधे घंटे से अधिक समय तक होल्ड पर रही और करीब साढ़े आठ बजे फ्लाइट को लैंड कराया गया।
इससे यह फ्लाइट अहमदाबाद के लिए देरी से रवाना किया गया। एयर इंडिया की मुंबई से आने वाली फ्लाइट करीब डेढ़ घंटे की देरी से, इंदौर से आने वाली इंडिगो फ्लाइट भी करीब 20 मिनट होल्ड पर रही। इसके साथ ही इंडिगो एयरलाइंस की चंडीगढ़ एवं जोधपुर की फ्लाइटों के अलावा दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता एवं गुहावटी की फ्लाइटें भी देरी से रवाना हुई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।