कोटा न्यूज़ डेस्क – 11वीं की छात्रा ने साथी छात्र से परेशान होकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना से एक दिन पहले छात्र उसके घर आया और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि छात्र उस पर शादी का दबाव बना रहा है। पुलिस छात्र की तलाश कर रही है। घटना कोटा के इटावा कस्बे की है। इटावा थानाधिकारी संदीप बिश्नोई ने बताया- घटना शनिवार (9 फरवरी) की है। छात्रा एमबीएस अस्पताल में भर्ती है। उसके परिजनों ने छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।
बेटी ने बताई थी आपबीती
छात्रा की मां ने बताया- शुक्रवार (8 फरवरी) को मैं खेत पर गई थी। बेटी घर पर अकेली थी। एक लड़का घर में घुस आया और बेटी को धमकाया। उसने कहा- ‘मुझसे शादी कर लो वरना जान से मार दूंगा।’ घर लौटने पर बेटी ने आपबीती बताई। उसने बताया कि लड़का उसकी क्लास में पढ़ता है। वह स्कूल आने-जाने का रास्ता भी रोकता है और परेशान करता है।अगले दिन शनिवार (9 फरवरी) को मैं नहाने गई। मेरी बेटी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। किसी तरह आग बुझी और हम उसे इटावा के स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे कोटा एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया।
3 दिन से अस्पताल में भर्ती
मां ने बताया- आग लगने से बेटी की कमर और पीठ का कुछ हिस्सा जल गया। उसका एमबीएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। लड़के के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।