जोधपुर न्यूज़ डेस्क – राजस्थान में दिन का तापमान औसत से अधिक रहने से गर्मी के आगमन का अहसास होने लगा है। मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम ऐसा ही रहा तो इसका असर रबी (गेहूं, चना, जौ और सरसों) की फसलों पर भी पड़ेगा। बढ़ती गर्मी के कारण ये फसलें समय से पहले पक जाएंगी। इससे फसल के दानों को बढ़ने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा और इसका असर उत्पादन पर पड़ेगा। उधर, मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश में इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई है। 16 फरवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इन दिनों प्रदेश में दिन का औसत तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके कारण बढ़ती गर्मी का असर फसलों पर पड़ने की संभावना है। विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों को बचाने के लिए आवश्यक उपाय करने की हिदायत दी है। इस तरह के मौसम का फलों और सब्जियों की खेती पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
शहरों का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा
पिछले 2-3 दिनों से राजस्थान के कई शहरों में 30 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर का तापमान दर्ज किया जा रहा है। कल (बुधवार) बाड़मेर में सबसे ज्यादा 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जालौर में अधिकतम तापमान 30.9, डूंगरपुर में 30.8, फलौदी (जोधपुर) में 30.2, चित्तौड़गढ़ में 30.3, वनस्थली (टोंक) में 29.2, कोटा में 29.6, जैसलमेर में 29.4, जोधपुर में 29.6 और प्रतापगढ़ में 29.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कल जयपुर, चूरू, बीकानेर, धौलपुर समेत कुछ शहरों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्ज की गई। कल राजधानी जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
रात में ठंड कम होने लगी है
अब प्रदेश में रात में भी ठंड कम होने लगी है। जयपुर, बाड़मेर, कोटा, प्रतापगढ़ में कल न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, पाली, उदयपुर, अलवर में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कल सबसे कम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर (सीकर) में दर्ज किया गया।
आगे क्या?
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 फरवरी तक राजस्थान में मौसम साफ रहने और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी का अनुमान जताया है। 16-17 फरवरी से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। 17-18 फरवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल भी छा सकते हैं।