जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर बीता साल प्रदेश के युवाओं के लिए बेहद राहत देने वाला रहा है। इस साल सरकार ने 1,29,992 पदों पर भर्तियां निकाली, जो पिछले 6 सालों में सर्वाधिक हैं। इससे पहले कांग्रेस सरकार के समय 2022 में 95,184 पदों पर भर्तियां हुई थी जो तब सर्वाधिक थी, लेकिन वर्ष 2024 में यह रिकार्ड टूट गया। भाजपा सरकार ने जनवरी से नवंबर तक 53,875 पदों की भर्तियां निकाली थी। इसके बाद इस साल के आखिरी महीने दिसंबर में सरकार ने एक साथ 76,117 पदों पर भर्तियां निकाल दी। इनमें भी सर्वाधिक पद 52 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की है। इस साल निकाली गई 1,29,992 पदों की भर्तियों में कर्मचारी चयन बोर्ड ने 95,589 पदों पर, राजस्थान लोक सेवा आयोग ने 9,093 पदों पर और अन्य विभागों ने 25,310 पदों पर भर्ती निकाली थी। इनमें कई पदों पर भर्ती तो निकल गई, लेकिन आवेदन की प्रक्रिया अभी तक प्रारंभ नहीं हुई और मार्च तक प्रारंभ होगी। प्रदेश में बेरोजगारी और भर्तियां चुनावों में बड़ा मुद्दा रहा है। ऐसे में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में भर्तियां निकाले जाने से बेरोजगारों को राहत मिली।
अन्य विभागों द्वारा भर्तियां आरपीएससी व चयन बोर्ड के अलावा भी अन्य विभागों की कुछ भर्तियां उन्होंने खुद निकाली। इसमें विद्युत विभाग ने अलग अलग प्रकार के 487 पदों पर और राजस्थान कोआपरेटिव रिक्रूटमेंट बोर्ड ने 1003 पदों की भर्ती निकाली। इसके अलावा डीएलबी ने सफाई कर्मचारी के 23820 पदों पर भर्ती निकाली थी जो रद्द कर दी गई।
कई भर्तियां अभी कोर्ट में अटकीं
“इतनी बड़ी संख्या में भर्तियां निकाले जाने से बेरोजगारों को राहत मिली है। लेकिन पुरानी भर्तियों में वीडीओ, सूचना सहायक सहित कई भर्तियां अभी कोर्ट में अटकी है। इनको लेकर सरकार को मजबूत पैरवी करनी चाहिए।” “इन भर्तियों में सबसे अधिक भर्तियां कर्मचारी चयन बोर्ड की है। जो करीब 90 प्रतिशत है। हमारा प्रयास रहेगा कि सरकार ने इन भर्तियों को समय पर पूरा करने की जो जिम्मेदारी दी है, उसे अच्छे से निभाएं।”