झुंझुनूं न्यूज़ डेस्क, झुंझुनूं के एक सरकारी स्कूल में दो टीचर्स ने छात्राओं से छेड़छाड़ कर दी। दोनों अध्यापकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों को एपीओ कर दिया गया है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने छात्राओं के बयान लिए हैं। छात्राओं ने अश्लील चैट करने का आरोप लगाया है।इधर, इस घटना के बारे में जैसे ही स्थानीय लोगों को जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में स्कूल के बाहर भीड़ शामिल हो गई। इस पर आक्रोशित लोगों ने टीचर की पिटाई कर दी। एक महिला स्कूल में जा पहुंची और यहां टीचर को चप्पलों से पीटा।गुढ़ागौड़जी थाना इलाके के हेडमास्टर ने बताया- स्कूल के दो टीचर पर छात्राओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इसकी सूचना सीबीईओ उदयपुरवाटी आत्माराम वर्मा को दी गई। सीबीईओ आत्माराम ने बताया कि दोनों अध्यापकों को एपीओ कर दिया गया है। उनका मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय रखा गया है। गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी राम मनोहर ठोलिया ने बताया कि दोनों अध्यापकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जीप के पीछे दौड़े लोग
मामले की सूचना मिलते ही गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते पुलिस दोनों अध्यापकों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले जा रही थी। गाड़ी में दोनों अध्यापकों को बैठे देख ग्रामीण फिर से आक्रोशित हो गए और पुलिस की जीप के पीछे दौड़ने लग गए। पुलिस ने बमुश्किल से लोगों को रोका।
स्टाफ ने कमरे में बंद करके बचाया अध्यापकों को
छात्राओं के परिजन और ग्रामीणों में रोष देखते हुए अन्य टीचर्स ने दोनों अध्यापकों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। इससे पहले एक ग्रामीण महिला ने कमरे में अध्यापक की धुनाई कर दी। करीब तीन घंटे तक दोनों अध्यापकों को कमरे में बंद रखा गया और बाहर ग्रामीणों का प्रदर्शन चलता रहा।
गेट पर लगाया ताला, पूर्व मंत्री गुढा भी पहुंचे
मौके पर पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र गुढा भी पहुंचे। गुढा ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर बात कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही शर्मसार घटना है। छात्राओं के साथ स्कूल के अध्यापक ही ऐसी घटना कर रहे हैं फिर कहीं और क्या सुरक्षित रहेंगी। कार्रवाई नही हुई तो आंदोलन किया जाएगा।