जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव के तहत जयपुर शहर का जिला अध्यक्ष आज शाम तक तय हो जाएगा। जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के तिलक नगर स्थित शहर कार्यालय पर शाम को 4:00 बजे से जिला अध्यक्ष के लिए नामांकन होंगे। नामांकन जयपुर शहर चुनाव संयोजक नारायण सिंह देवल की मौजूदगी में लिए जाएंगे। हालांकि नामांकन करने के लिए सभी दावेदार स्वतंत्र है, लेकिन बताया जा रहा है कि सभी में आपसी सहमति बनाकर किसी एक चेहरे को निर्विरोध निर्वाचित किया जा सकता है। अब तक भारतीय जनता पार्टी ने 27 जिलों के जिला अध्यक्ष निर्वाचित कर दिए हैं। आज ही करीब 15 जिलों के जिला अध्यक्ष निर्वाचित करने की तैयारी है।
राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश को 44 जिला इकाइयों में बांट रखा है। ऐसे में आज लगभग सभी जिला इकाइयों के अध्यक्ष निर्वाचित कर दिए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। हालांकि बताया जा रहा है कि भाजपा के वर्तमान मनोनीत प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को ही पार्टी निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रही है।