जयपुर। बेरोजगारी के मुद्दे पर राहुल गांधी के संसद में दिए बयान के समर्थन में प्रदेश युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जयपुर में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस संगठन के जयपुर और सीकर संभाग के युवा कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार को पीसीसी मुख्यालय के बाहर इकट्ठा हुए। युवा कांग्रेसियों ने बेरोजगारी के मुद्दे पर विरोध जताने के लिए भाजपा मुख्यालय की तरफ कूच किया। पुलिस प्रशासन ने रास्ते में ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पीसीसी मुख्यालय के बाहर ही धरना देकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदेश युवा कांग्रेस नेता रवि कुमार सींगदर ने बताया कि राहुल गांधी ने संसद में बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार की पोल खोल दी।
राजस्थान में भी भाजपा सरकार युवाओं के हितों के साथ कुठाराघात कर रही है। हम भाजपा मुख्यालय तक जाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे और बेरोजगारी के मुद्दे पर अपनी चिट्ठी देना चाहते थे, लेकिन सरकार ने हमारी आवाज कुचलने का प्रयास किया है। हमारे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बेरिकेंडिंग लगाकर रोक दिया। भाजपा जिन मुद्दों को लेकर जीतकर आई, आज उन्हीं मुद्दों को पूरा नहीं कर रही। युवाओं के मुद्दे पर उनके खुद के मंत्री धरना देने की चेतावनी दे रहे हैं। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता युवाओं की आवाज बुलंद करेगा और सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।